संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। खंड की ग्राम पंचायत निजामपुर के अंतर्गत आने वाले गांव गुरनावट में सोमवार को जिला प्रशासन और पंचायती विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध कब्जे पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में करीब एक पंचायती रास्ते के करीब 400 फुट दायरे से छह लोगों द्वारा किए गए कब्जे को हटाया गया। इस दौरान अवैध रूप से बनी चहारदीवारी भी तोड़ी गई।
पंचायती विभाग के अधिकारी गिर्राज शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई जिला प्रशासन के आदेश पर की गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच में कब्जे की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और नियम अनुसार कार्रवाई को अंजाम दिया गया। शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विवाद या विरोध सामने नहीं आया और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। ग्राम पंचायत गुनावत के सरपंच अरशद ने जानकारी दी कि गांव में छह लोगों ने पंचायत के रास्ते पर अवैध कब्जा कर रखा था, जिसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा की गई थी। प्रशासन ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की, जिससे गांव का रास्ता अब सभी लोगों के उपयोग के लिए पुनः खुल गया है।