गुरुग्राम। अतिक्रमण व अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम के अतिक्रमण विभाग (एनफोर्समेंट) की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में निगम की ‘अतिक्रमण हटाओ’ शाखा ने बृहस्पतिवार को गांव बालियावास में अभियान चलाया। इस दौरान बुलडोजर से कई निर्माणाधीन भवनों व टिन शेड व झुग्गियों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों के कब्जे से निगम की करीब दो एकड़ बेशकीमती भूमि कब्जामुक्त करवाई गई।
गांव बलियावास स्थित निगम की उक्त जमीन पर अवैध रूप से आशियाना बनाकर बड़ी संख्या में लोग रह रहे थे। इन्होंने कार्रवाई का कड़ा विरोध किया लेकिन मौके पर भारी पुलिसबल के तैनात होने से किसी की एक न चली और बाद में सभी शांत हो गए। यहां के निवासियों ने न सिर्फ टिन शेड लगाए थे बल्कि स्थाई निर्माण के लिए भारी मात्रा में भवन निर्माण सामग्री को भी जमा करके रखा था। अतिक्रमण व अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के लिए नगर निगम आयुक्त विनय प्रताप सिंह ने चारों जोन में अलग-अलग टीमों का गठन किया है और उनकी अगुवाई में ही टीम विभिन्न इलाकों में अभियान चला रही है। खास तौर पर आयुध डिपो क्षेत्र के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।