वजीराबाद और घाटा गांव में की गई कार्रवाई, तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं 52 प्राथमिकी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने शुक्रवार को आदतन आपराधिक वारदात करने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस कार्रवाई में एक आरोपी के घाटा गांव में अवैध रूप से बनाए गए मकान को सील कर दिया गया। इसके साथ ही दो अन्य आरोपियों के वजीराबाद गांव स्थित अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई भूमि माफियाओं और अवैध कब्जों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई।
आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू के गांव घाटा स्थित लगभग 150 वर्ग गज के अवैध मकान को सील किया गया। एंटी नारकोटिक सेल, गुरुग्राम ने संबंधित विभागों के समन्वय से यह कार्रवाई की। जितेंद्र उर्फ जीतू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन प्राथमिकी दर्ज हैं। वहीं, आरोपी साहिल उर्फ चुन्नू उर्फ नशीला और अंशुल उर्फ मुन्नू के गांव वजीराबाद स्थित अवैध मकान को ध्वस्त किया गया। अपराध शाखा सेक्टर-43, गुरुग्राम ने संबंधित विभागों के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। साहिल उर्फ चुन्नू उर्फ नशीला के खिलाफ चोरी और सेंधमारी के 40 केस दर्ज हैं। अंशुल उर्फ मुन्नू के खिलाफ चोरी के नौ केस दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ कुल 52 अभियोग दर्ज हैं।
एसीपी क्राइम इंदीवर सिंह ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को अपराध से सुरक्षित रखने का प्रयास कर रही है। अवैध कब्जों से मुक्ति दिलाना भी पुलिस का लक्ष्य है। आदतन अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ ऐसे सख्त अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।