गुरुग्राम। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण के कास्टिंग यार्ड के लिए प्रस्तावित जमीन पर दोबारा अवैध कब्जे हो गए हैं। सेक्टर-10 ऑटो मार्केट की इस जमीन पर झुग्गियां फिर से बस गई हैं। नगर निगम ने पहले मलबा हटवाया था और एचएसवीपी ने अतिक्रमण भी हटाया था। कास्टिंग यार्ड के काम में देरी से लोगों ने फिर झुग्गियां बना लीं। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का दूसरा चरण सेक्टर-9 से साइबर सिटी तक बनना है। इसके लिए 1662 करोड़ रुपये का टेंडर जारी हुआ है। सेक्टर-10 में एचएसवीपी की 10 एकड़ जमीन कास्टिंग यार्ड के लिए प्रस्तावित है। जीएमआरएल ने एचएसवीपी से यह जमीन जल्द उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। एचएसवीपी एसडीओ परविंद्र सिंह ने बताया कि कब्जे हटाकर जमीन जीएमआरएल को सौंप दी जाएगी। ब्यूरो