डीएलएफ फेज-3 में डीटीपीई की टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (डीटीपीई) की टीम ने शनिवार को डीएलएफ फेज-3 में अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ तोड़फोड़ कार्रवाई की। इस अभियान में सात मकानों से अवैध निर्माण हटाए गए। साथ ही, करीब 45 से 50 मकानों के सामने से 1.30 किलोमीटर सड़क का मार्ग अधिकार भी अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में विभाग की टीम ने वी-33, वी-34 और वी-35 ब्लॉक में यह कार्रवाई की। कई मकानों की स्टिल्ट पार्किंग, रियर सेटबैक और सड़क की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। वी-33/6 और वी-33/7 में स्टिल्ट पार्किंग में बने चार-चार कमरे और दो-दो शौचालय हटाए गए। इन मकानों के रियर सेटबैक में किए गए कवरेज को भी ध्वस्त किया गया। वी-34/16 और वी-34/10ए में स्टिल्ट पार्किंग में बने बेडरूम, शौचालय और किचन तोड़े गए। वी-35/13 में स्टिल्ट पार्किंग में चार कमरे और शौचालय का अवैध निर्माण हटाया गया। वी-35/11 में स्टिल्ट पार्किंग में बने दो ड्राइंग रूम, सर्वेंट रूम और शौचालय को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। वी-35/21 में एक मकान मालिक ने सड़क की करीब 15 फीट जमीन को कवर कर फ्रंट लॉन में शामिल कर लिया था। विभाग की टीम ने इस अतिक्रमण को भी ध्वस्त कर सड़क की जमीन खाली कराई। अधिकारियों के अनुसार, इन अतिक्रमणों के कारण सड़क की उपलब्ध जगह प्रभावित हो रही थी।