- पालम विहार में 7 एकड़ में फैली अनधिकृत कॉलोनी, 12 डीपीसी, 5 बाउंड्रीवाल ध्वस्त की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम।
शहरी क्षेत्र में बिना मंजूरी के किए गए अवैध निर्माणों पर डीटीपी के दस्ते ने कार्रवाई की। बृहस्पतिवार को डीटीपी दस्ते ने पालम विहार के सेलिब्रिटी होम्स में अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया, जबकि कॉलोनी और फ्रेश मार्ट को सील कर दिया।
डीटीपी टाउन कन्ट्री प्लानिंग अमित मधोलिया ने बताया कि बृहस्पतिवार को लाइसेंसी कालोनी सेलिब्रिटी होम्स पालम विहार में तोड़फोड़ व सीलिंग अभियान चलाया गया। इसमें कार्टरपुरी गांव की राजस्व संपदा में सात एकड़ क्षेत्रफल में फैली एक अनधिकृत कॉलोनी, 12 डीपीसी, 5 बाउंड्रीवाल व 5 नव निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया गया। पालम विहार गुरुग्राम में लाइसेंस प्राप्त कॉलोनी, सेलिब्रिटी होम्स के स्टिल्ट क्षेत्र में बने एक अवैध फ्रेश मार्ट को सील कर दिया गया। बीते एक सप्ताह से जिला नगर योजनाकार अवैध व बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। जल्द ही कई अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर से अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई हो सकती है।