जीएमडीए सड़क के उन्नयन के लिए तैयार कराने जा रहा डीपीआर, वाहनों का दबाव कम होगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) इफ्को चौक-मिलेनियम सिटी सेंटर-एसपीआर तक की सड़क को सिग्नल फ्री बनाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रहा है। जीएमडीए की इफ्को चौक से एसपीआर तक की सड़क को गोल्फ कोर्स रोड की तर्ज पर विकसित करने की योजना है।
शहर की प्रमुख सड़कों के देखरेख और उन्हें विकसित करने की जिम्मेदारी जीएमडीए की है। ऐसे में जीएमडीए सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने की दिशा में काम कर रहा है। योजना के अनुसार दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) स्थित इफ्को चौक से मिलेनियम सिटी सेंटर, कन्हई चौक से वजीराबाद से होकर एसपीआर को जोड़ने वाली रोड के उन्नयन कराने की योजना है। इस रोड पर वाहन चालकों को रोज जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। यह डीएलएफ क्षेत्र की दूसरी सबसे प्रमुख सड़क है। इसी रोड पर दिल्ली मेट्रो के दो स्टेशन भी पड़ते हैं।
दूसरा, मिलेनियम सिटी सेंटर पर गुरुग्राम मेट्रो का भी स्टेशन बनने वाला है। ऐसे में आने वाले समय में इस सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में जीएमडीए इस सड़क को विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। इफ्को चौक से एसपीआर तक करीब छह जंक्शन हैं, ऐसे में छह फ्लाईओवर या अंडरपास निर्माण की जरूरत होगी। हालांकि इस सड़क पर मेन रोड और ग्रीन बेल्ट को मिलाकर पर्याप्त जगह है। ऐसे में सड़क विस्तार में कोई परेशानी नहीं होगी। जीएमडीए एआईटी चौक पर भी अंडरपास की योजना रखता है।
सन सिटी के पूर्व महासचिव वीएमके सिंह ने बताया कि गोल्फ कोर्स रोड पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। ऐसे में इफ्को चौक से एसपीआर तक सड़क को विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इफ्को चौक से मिलेनियम सिटी सेंटर, कन्हई चौक से एसपीआर तक सड़क बनने से गोल्फ कोर्स रोड पर वाहनों का दबाव कम होगा। फरीदाबाद से आने वाले वाहन चालकों को एनएच 48 पर जाने के दो विकल्प मिलेंगे। जीएमडीए में मोबिलिटी डिवीजन के मुख्य महाप्रबंधक कर्नल आरडी सिंघल ने बताया कि इफ्को चौक-मिलेनियम सिटी सेंटर-एसपीआर तक सड़क उन्नयन की योजना है।
जीएमडीए का इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार पर जोर
जीएमडीए शहर में जाम की समस्या को कम करने के लिए दादी सती चौक और आंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना पर काम कर रहा है। दोनों फ्लाईओवर निर्माण को जीएमडीए बोर्ड की बैठक में मंजूरी मिल चुकी है। डीपीआर फाइनल होने पर निर्माण के लिए टेंडर जारी होगा। इसके लिए एनएच-48 से वाटिका चौक तक एसपीआर को एलिवेटेड निर्माण को लेकर डीपीआर तैयार कराया जा रहा है। जीएमडीए सड़क परियोजनाओं को जल्द सिरे चढ़ाने पर जोर दे रहा है।