गुरुग्राम। जाम से बचना है तो महावीर चौक की ओर जाने से बचें। क्योंकि इस इलाके में अंडर ग्राउंड पार्किंग, अंडरपास और सड़क का निर्माण हो रहा है। इसके लिए इस क्षेत्र में यातायात बंद किया हुआ है। इससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी पुराने गुरुग्राम शहर में पहुंच रहे नए वाहन चालकों को हो रही है।
रूट डायवर्ट होने के कारण उन्हें गंतव्य तक पहुंचने के लिए सही रास्ता नहीं मिल पा रहा है। रूट डायवर्ट होने से ओल्ड दिल्ली रोड, शीतला माता रोड पर वाहनों का काफी दबाव बना रहा। इससे इन दोनों सड़कों पर दिनभर जाम लगा रहा। जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को भी दिनभर मशक्कत करनी पड़ी।
रॉन्ग साइड चलने वालों को रोकते रहे पुलिसकर्मी
रूट डायवर्ट होने के कारण वाहन चालकों को काफी घूमकर व जाम में फंसकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है, ऐसे में दुपहिया वाहन चालक रॉन्ग साइड चलते दिखाई दे रहे थे। ऐसे में रॉन्ग साइड चलने वालों को पुलिसकर्मी रोककर वापस भेज रहे थे। हालांकि, पुलिस द्वारा उक्त दुपहिया वाहन चालकों के चालान नहीं काटे जा रहे थे और उनको दूसरी सड़क से ही गंतव्य तक जाने के निर्देश दे रहे थे। बावजूद इसके लोग डिवाइडर के बीच से ही अपने दुपहिया वाहनों को निकाल रहे थे।
ओल्ड दिल्ली रोड व शीतला माता मंदिर रोड पर लगा रहा जाम
रूट डायवर्ट होने के कारण ओल्ड दिल्ली रोड व शीतला माता मंदिर रोड पर दिनभर जाम लगा रहा। क्योंकि एमजी रोड से आने वाले वाहन ओल्ड दिल्ली रोड से होते हुए शीतला माता मंदिर रोड से बस अड्डा पर पहुंच रहे थे। ऐसे में इन दोनों रास्तों पर वाहनों की अधिक संख्या बढ़ने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रही है। काफी सवारियां जाम में फंसी कैब, ऑटो व बसों से उतरकर पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकलीं।
सिविल लाइन औैर गुरुद्वारा रोड की ओर से हुई परेशानी
महावीर चौक पर अंडरपास निर्माण के कारण रूट डायवर्ट होने से सिविल लाइन क्षेत्र और गुरुद्वारा रोड की ओर आने वाले वाहन चालकों को परेशानी हुई। क्योंकि एमजी रोड पर आने के बाद वे ओल्ड दिल्ली रोड व शीतला माता मंदिर रोड होते हुए बस अड्डा पहुंचे। लेकिन आगे रास्ता बंद होने के कारण वाहन चालक सिविल लाइन क्षेत्र और गुरुद्वारा रोड पर नहीं आ सके। ऐसे में उन्हें रास्ता पूछकर एनएच-8 से होते हुए झाड़सा रोड या राजीव चौक से सिविल लाइन क्षेत्र और गुरुद्वारा रोड पर आना पड़ा।