चालक पुलिस उपायुक्त को व्हाट्सएप पर फोटो और लोकेशन के साथ शिकायत भेज सकते हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। ट्रैफिक पुलिस ने अनुकूल पुलिसिंग को बढ़ावा देने और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। बीच रास्ते में पुलिस बिना उचित कारण रोके जाने पर वाहन चालक सीधे पुलिस आयुक्त को व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत भेज सकते हैं, जिसमें अपनी लोकेशन और फोटो शामिल करना होगा। पुलिस आयुक्त ने सभी यातायात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि परिवार, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को लेकर चल रहे वाहनों को अनावश्यक रूप से न रोका जाए। इसके बावजूद कोई यातायात कर्मी उल्लंघन करता है तो कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी वाहन चालक को बिना वैध कारण रोका जाता है तो वे संबंधित पुलिसकर्मी की फोटो और घटना का विवरण व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस आयुक्त गुरुग्राम के मोबाइल नंबर 9999981801 और डीसीपी ट्रैफिक गुरुग्राम के मोबाइल नंबर 9999981808 पर भेज सकते हैं।
निर्देशों के अनुसार ऐसे वाहनों को केवल यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा या गंभीर यातायात नियम उल्लंघन की स्थिति में ही रोका जाएगा। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना और यातायात व्यवस्था को अधिक पारदर्शी व संवेदनशील बनाना है।
पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत की त्वरित जांच की जाएगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।