गुरुग्राम। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कोरोना संक्रमण को लेकर बेकाबू हुए हालातों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा कि समय से अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाते तो हालात इतने बेकाबू नहीं होते। ऑक्सीजन, रेमिडेसिविर इंजेक्शन, दवाइयों की कालाबाजारी हो रही है। प्राइवेट अस्पतालों में मरीज और तीमारदारों से लूट हो रही है जिस पर सीएमओ अंकुश लगाएं। वहीं बैठक में डीसी के न पहुंचने को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में स्वास्थ्य मंत्री अनिल बिज ने अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे हालातों के बारे में समीक्षा की। इससे पहले विधायक सुधीर सिंगला ने यहां के बदतर हालातों के बारे में अवगत कराया। इन हालातों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के बारे में कई अहम जानकारियां भी दीं। उसी के बाद एक-एक करके सीएमओ और पुलिस कमिश्नर को तलब कर लिया। निगमायुक्त का काम देख रहे हुडा के सीईओ जितेंद्र यादव बोले कि मुझे तो कुछ दिनों के लिए अस्थायी चार्ज मिला है, फिर भी पूरी तरह से जिम्मेदारी निभाई जा रही है।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में मरीज और तीमारदारों से इलाज के नाम पर लूट हो रही है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी क्यों शांत बैठे हैं। ऑक्सीजन सिलिंडर, रेमिडेसिवर इंजेक्शन, ओक्सीमीटर सहित कई जीवन रक्षक दवाएं तथा उपकरणों की कालाबाजारी हो रही है। इस पर अधिकारी अंकुश क्यों नहीं लगा रहे हैं। इन सामानों की कालाबाजारी करने वाले मुख्य सरगना गिरफ्तार नहीं हुए हैं।
पुलिस कमिश्नर केके राव से कहा कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराएं। लॉक डाउन का उल्लंघन करने के वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रांत संघ चालक के घर शोक जताया
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज संघ के प्रांत संघचालक पवन जिंदल के पुत्र, माता और भाई के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके आवास सेक्टर-15 पार्ट-2 में पहुंचे। इस दौरान करणी सेना के प्रमुख सूरजपाल अम्मू, विधायक सुधीर सिंगला, सुम्मेर सिंह तंवर आदि मौजूद थे।