गुरुग्राम। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने 10वीं कक्षा (आईसीएसई) और 12वीं कक्षा (आईएससी) की सेमेस्टर-1 परीक्षाओं का परिणाम सोमवार को जारी कर दिया। सीआईएससीई ने कोरोना महामारी के मद्देनजर पिछले साल बोर्ड परीक्षा आयोजित नहीं किए जाने के बाद शैक्षणिक सत्र को दो टर्म में विभाजित किया था। वैकल्पिक मूल्यांकन योजना का उपयोग करके दोनों सेमेस्टर के परिणामों की घोषणा की जानी है। आईसीएसई की परीक्षा पिछले साल 29 नवंबर से 16 दिसंबर के मध्य और आईएससी की परीक्षा 22 नवंबर से 20 दिसंबर के मध्य हुई थी। आईसीएसई और आईएससी सेमेस्टर-1 परीक्षा परिणाम की दोबारा जांच के लिए 7 से 10 फरवरी को सुबह 10 बजे तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। काउंसिल ने उम्मीदवारों के लिए 1000 रुपये प्रति पेपर (आईसीएसई) और 1000 रुपये प्रति विषय (आईएससी) के शुल्क का भुगतान करके दोबारा जांच के लिए आवेदन करने का प्रावधान किया है। अतुल कटारिया स्कूल से सुनीता गुप्ता ने बताया कि सीआईएससीई ने पहले सेमेस्टर का परिणाम जारी किया है, लेकिन दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा होने के बाद जो परिणाम आएगा, उससे ही विद्यार्थियों का मुख्य परिणाम बनेगा।