पुलिस को सोमवार को भोंडसी थाना क्षेत्र के एक अस्पताल से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि हेमंत नामक व्यक्ति अपनी पत्नी शालू को मृत अवस्था में अस्पताल लाया था। हेमंत ने पुलिस को बताया कि शालू की मृत्यु पेट दर्द से हुई है। हालांकि, पुलिस टीम ने शव का निरीक्षण किया तो शालू के गले पर निशान मिले। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शालू के परिजनों को सूचित किया।
शालू के पिता ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2025 में हेमंत से हुई थी। हेमंत और शालू अब बेहलपा ग्रीन फार्म हाउस के पास एक खेत पर मजदूरी कर वहीं रहते थे। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे हेमंत ने फोन कर पेट दर्द की सूचना दी और बाद में मौत की खबर दी।
पिता ने शव देखने पर गला घोंटने के निशान पाए और हेमंत पर हत्या का आरोप लगाया। इस शिकायत के आधार पर भोंडसी थाने में हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी हेमंत को गिरफ्तार किया। 21 साल का हेमंत यूपी के बुलंदशहर के सिवारा गांव का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में हेमंत ने स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी शालू के चरित्र पर संदेह था। इसी संदेह के कारण उसने 26 जुलाई की रात चुन्नी से गला घोंटकर शालू की हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या के बाद परिजनों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने शालू की मौत का कारण पेट दर्द बताया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई चुन्नी बरामद कर ली है।