इंद्रा आवास कॉलोनी निवासी महिला रीना की मौत मामले में सेक्टर 40 थाना पुलिस ने आरोपी पति सतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पत्नी के चरित्र पर संदेह रखते हुए गला दबाकर हत्या कर दी थी।
हत्या करने के बाद पुलिस से बचने के लिए शव को दुपट्टे से बांधकर पंखे से लटका दिया था। फिर आरोपी ने पुलिस को फोन करके पत्नी द्वारा फांसी लगाकर हत्या कर लेने की सूचना दी थी।
सेक्टर-40 थाना पुलिस को 10 जून को सूचना मिली थी कि इंद्रा आवास कॉलोनी में रीना नामक महिला ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली है।
पुलिस टीम इंद्रा आवास कॉलोनी पहुंची, जहां पर मृतका का पति सतीश कुमार व उसके दो बच्चे मिले। पुलिस टीम द्वारा मृतका के परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस की सीन-ऑफ-क्राइम, एफएसएल व फिंगरप्रिंट की टीमों को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस को प्राथमिक जांच के दौरान मामला संदिग्ध नजर आने पर मृतका के परिजनों से संपर्क किया गया।
11 जून को महिला के भाई बहादुरनगर बनपुरवा, जिला कानपुर (उतर-प्रदेश) निवासी सुदामा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बहन रीनाइ(30 ) की शादी करीब 12 साल पहले पट्टी पैबोरा जिला कन्नौज (उतर-प्रदेश) निवासी सतीश के साथ हुई थी। बहन पति सतीश व दो बच्चों के साथ इन्द्रा आवास कॉलोनी सिलोखरा गुरुग्राम में रहती थी।
शादी के बाद से ही पति झगड़ा व मारपीट करता रहता था। 10 जून को बहन की मृत्यु होने की सूचना मिली तो इंद्रा आवास कॉलोनी गुरुग्राम में आया और इस बारे में जानकारी ली। इसमें पता चला कि नौ जून की रात करीब एक बजे सतीश ने रीना के साथ मारपीट की और उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
इस पर पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सेक्टर 40 थाना प्रभारी मनोज की टीम ने आरोपी सतीश से गहनता पूर्वक पूछताछ की गई तो महिला की हत्या करना कबूल कर लिया। इस पर पुलिस ने आरोपी सतीश कुमार को 11 जून को सिलोखरा गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि पत्नी के चरित्र पर शक करता था। आरोपी मजूदरी का काम करता था। पुलिस आरोपी को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश करेगी।