अदालत में पेश नहीं हुए पति-पत्नी, भगोड़ा घोषित नया मुकदमा दर्ज
नूंह। अदालत में लगातार पेश नहीं होने पर गांव साकरस निवासी पति-पत्नी को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट नूंह की अदालत ने 21 अक्टूबर 2026 को आरोपी नफीस और उसकी पत्नी नुसरत के खिलाफ आदेश जारी किए। दोनों वर्ष 2022 में दर्ज दहेज हत्या और मारपीट के मामले में आरोपी हैं। अदालत के आदेशानुसार, दोनों के खिलाफ 27 अगस्त को उद्घोषणा चस्पा कराई गई थी और पुलिसकर्मी के बयान भी दर्ज किए गए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय में दोनों अदालत में पेश नहीं हुए। इस पर सदर फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस ने 9 नवंबर को दोनों के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज किया है। अदालत ने पुलिस से आरोपियों की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा भी मांगा है। जांच अधिकारी यादराम ने बताया कि अदालत के आदेश पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। संवाद