वारदात के बाद आरोपी हरिद्वार और नेपाल भाग गए थे
दोनों आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने गाेली मारकर पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति व उसकी प्रेमिका को करीब डेढ़ माह बाद गिरफ्तार कर लिया। 21 मई को हत्या करने के बाद आरोपी पहले हरिद्वार व उसके बाद नेपाल भाग गए थे। पुलिस ने 4 जुलाई को दोनों आरोपियों को उत्तराखंड के हरिद्वार क्षेत्र से गिरफ्तार किया। रविवार को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के मानेसर निवासी अंकित (25) व रजनी देवी (38) निवासी औरंगाबाद गांव, झज्जर के रूप में हुई है।
पुलिस की जांच व आरोपियों से पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी अंकित व रजनी का पिछले तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रजनी पिछले काफी समय से मानेसर में किराये पर रह रही थी। अंकित 21 जून को सुनियोजित योजना के तहत अपनी पत्नी मधु (22) को रजनी के किराये के कमरे पर ले गया। वहां पर अपनी पत्नी मधु की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात में प्रयोग किया गया हथियार आरोपी दो माह पहले ही उत्तर प्रदेश से लेकर आया था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंकित व रजनी हरिद्वार चले गए। वहां से दोनों नेपाल भाग गए। कुछ समय नेपाल में रहने के बाद वापस भारत आए गए थे।
भेष बदलकर बाबा बना हत्यारोपी अंकित
हत्या के बाद आरोपी अंकित व रजनी हरिद्वार चले गए और कुछ दिन रुकने के बाद वे नेपाल चले गए। नेपाल में जाकर अंकित ने एक होटल में काम किया था। हालांकि, वे दोनों कुछ दिन बाद ही वापस हरिद्वार व ऋषिकेश आ गए। इसके बाद अंकित ने भेष बदलने के लिए नकली बाल लगाए और बाबा बन गया। इस दौरान रजनी भी भेष बदलकर उसके साथ ही रही। अपराध शाखा मानेसर की पुलिस हत्या मामले में लगाकर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। आरोपियों के बारे में सुराग मिलते ही उनको हरिद्वार क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
दो दिन बाद सड़ी-गली हालत में मिला था शव
मानेसर थाना के अंतर्गत कासन-खोह रोड स्थित एक इमारत के बाथरूम से 24 मई को सड़ी-गली हालत में मधु का शव मिला था। मूल रूप से रेवाड़ी जिले के हंसाका गांव निवासी मधु (22) की शादी करीब एक साल पहले मानेसर निवासी अंकित के साथ हुई थी। मधु के मायके वालों ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी बेटी 21 मई से लापता है। तीन दिन बाद मधु का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम में महिला के सिर में गोली लगने की बात सामने आई थी।
आगामी कार्रवाई व हथियार बरामदगी के लिए आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान दोनों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। यह भी जानकारी ली जाएगी कि हत्या के बाद भागने में किसी व्यक्ति ने दोनों आरोपियों की मदद तो नहीं की थी।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता