बीते एक महीने से हर रविवार को कर रहे हैं सोसाइटी निवासी भूख हड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मारुति कुंज सोसाइटी निवासियों की मालिकाना हक के लिए भूख हड़ताल रविवार को बारिश के दौरान भी जारी रही। सोसाइटी निवासी बीते एक महीने से प्रत्येक रविवार को भूख हड़ताल करते हैं। इसके साथ ही अन्य दिनों में सोसाइटी के गेट पर ही सामान्य रूप से बैठकर प्रदर्शन करते हैं। रविवार को सोसाइटी निवासी रामबीर सिंह व प्रवीण कुमार भूख हड़ताल पर बैठे। निवासियों का कहना है कि जब तक मालिकाना हक नहीं मिल जाता वह हर रविवार को भूख हड़ताल पर रहेंगे। पहले भी चार रविवार को सोसाइटी के दो लोग भूख हड़ताल पर बैठ चुके हैं।
मारुति कुंज सोसाइटी के पूर्व उपाध्यक्ष ने बताया कि बीते रविवार को सोसाइटी निवासी जीतराम हुड्डा व रामस्वरूप भूख हड़ताल पर रहे। उन्होंने बताया कि मारुति कंपनी की तरफ से उन पर करीब 67 करोड़ रुपये की देनदारी है। इस देनदारी बकाए के चलते मारुति कंपनी उन्हें मालिकाना हक नहीं दे रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी की तरफ से फ्लैट की कीमत जो बनती थी उस कीमत को वह 2010 में पूरी कर चुके हैं।अब जो देनदारी कंपनी बताती है उसका वह सार्वजनिक रूप से ऑडिट कराने काे तैयार नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कंपनी जो देनदारी उन पर बताती है उसका बिल भी नहीं सोसाइटी निवासियों को नहीं दिखाती है। मालिकाना हक के लिए सोसाइटी वासी करीब एक साल से सोसाइटी के गेट पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि जल्द ही उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वह प्रदर्शन को और तेज करेंगे।