फार्म मालिकों ने कोर्ट व नोटिस न देने का हवाला दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना नगरपरिषद की ओर से रायसीना अरावली पहाड़ी क्षेत्र में तोड़फोड़ अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने मात्र 2 अवैध निर्माणों को ही ध्वस्त किया । जबकि क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में अवैध फार्म हाउस हैं। जिनको एनजीटी ने भी अवैध करार दिया हुआ है। सूत्र बताते हैं कि फार्म मालिकों ने कोर्ट व नोटिस न देने का हवाला देकर अपने फार्मों को बचा लिया था। वहीं परिषद अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही प्रशासन की अनुमति लेकर तोड़फोड़ की जाएगी।
शुक्रवार को रायसीना अरावली पहाड़ी क्षेत्र में चलाया गया तोड़फोड़ अभियान मात्र खानापूर्ति बनकर रह गया है। उक्त अभियान परिषद ने लगातार दूसरे दिन चलाया था। जबकि इससे पूर्व गुरुवार को अभियान चलाकर परिषद ने करीब आधा दर्जन निर्माणों को ध्वस्त किया था। परिषद का तोड़फोड़ दस्ता दोपहर करीब 1 बजे अरावली क्षेत्र में पहुंच गई थी। टीम के पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों में हड़कंव मच गया था। काफी संख्या में लोगों ने कोर्ट व नोटिस न देने का हवाला देकर अपने निर्माणों पर पीला पंजा चलने से बचा लिया था। टीम ने मात्र 2 अवैध निर्माणों की चहारदीवारी को तोड़ कर खानापूर्ति कर दी है। इस अवसर पर म्युनिसिपल इंजीनियर व नोडल अधिकारी राजपाल खटाना, जेई आशिफ, संजय, मनोज आदि के अलावा पुलिस बल तैनात रहा था।