प्राधिकरण के राजस्व को बढ़ाना है लक्ष्य, मुख्य प्रशासक ने दिए थे निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी के सख्त रुख के बाद अब अपना राजस्व बढ़ाने के लिए प्राधिकरण शहर के 12 सेक्टरों में अपनी 30 एकड़ से ज्यादा खाली पड़ी जमीनों की नीलामी कर रहा है। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पिछले दिनों प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी ने सेक्टर-14 स्थित कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इसमें निर्देश दिए थे कि अलग-अलग सेक्टरों में वह भूखंड जो खाली पड़े हैं और जिनकी नीलामी नहीं हो पा रही है, उनकी सूची बनाई जाए। इसके बाद प्राधिकरण ने गुरुग्राम में सेक्टर-24, सेक्टर-25, सेक्टर-28, सेक्टर-31-32, सेक्टर-37 सी, सेक्टर-38, सेक्टर-39, सेक्टर-42, सेक्टर-43, सेक्टर-45, सेक्टर-48, सेक्टर-49, सेक्टर-53, सेक्टर-54, सेक्टर-56, सेक्टर-9, सेक्टर-9 ए और सेक्टर-10 ए में 30 एकड़ से ज्यादा जमीन की ई नीलामी की प्रक्रिया शुरू की है। ई नीलामी 28 मई को होगी। अलग-अलग सेक्टरों में यह जमीन प्लाॅटों की शक्ल में है। किस सेक्टर में कौन सा प्लाॅट कितने आकार का है, इस बात की जानकारी प्राधिकरण की वेबसाइट पर जाकर की जा सकती है।