- दो सत्रों में होगी परीक्षा, नकल रोकने को धारा 163 लागू, 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की एचसीएस (एक्जीक्यूटिव ब्रांच) व अन्य संबद्ध सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल (रविवार) को जिले के 56 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोग की सदस्य ममता यादव ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, पेपर वितरण अधिकारियों और ड्यूटी मजिस्ट्रेट्स के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले केंद्रों पर प्रवेश बंद-
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। पहले सत्र के लिए प्रवेश सुबह 8:30 बजे से और दूसरे सत्र के लिए दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले केंद्रों पर प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को केवल वैध एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, पेन स्कैनर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सिख अभ्यर्थियों को कड़ा और कृपाण के साथ प्रवेश के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा, जबकि विवाहित महिला अभ्यर्थियों को जांच के बाद मंगलसूत्र पहनने की अनुमति होगी।
परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी व एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि परीक्षा को नकल रहित बनाने के लिए जिले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लागू की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और मोबाइल जैमर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और विकास सदन में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर पेयजल, रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित की हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर एसीपी सुशीला, परीक्षा की जिला कॉर्डिनेटर एवं जिला शिक्षा अधिकारी इंदू बोकन, हरियाणा लोक सेवा आयोग के अधीक्षक भूपेंद्र सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।