एक वर्ष के एनआईएस डिप्लोमा धारकों को अब 50 हजार और छह माह के डिप्लोमा धारकों को 40 हजार रुपये मिलेंगे
1063 से अधिक प्रशिक्षकों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को तराशने वाले खेल नर्सरी प्रशिक्षकों को सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे प्रशिक्षकों को अब दोगुना वेतन मिलेगा। सरकार ने खेल नर्सरी प्रशिक्षकों के मानदेय में बड़ी वृद्धि करते हुए नए आदेश जारी कर दिए हैं, जिससे प्रदेशभर में संचालित 1063 से अधिक खेल नर्सरियों से जुड़े प्रशिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा।
नए आदेशों के अनुसार, जिन प्रशिक्षकों के पास राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) का एक वर्षीय डिप्लोमा प्रमाणपत्र है, उनका मासिक मानदेय 25 हजार रुपये से बढ़ाकर सीधे 50 हजार रुपये कर दिया गया है। वहीं, छह माह के एनआईएस डिप्लोमा धारक प्रशिक्षकों और खेल नर्सरियों का संचालन कर रहे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का मानदेय 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सरकार ने विभिन्न निजी स्कूलों, खेल अकादमियों और पंचायतों के माध्यम से खेल नर्सरियां संचालित कर रखी है। जिले में 22 सरकारी खेल नर्सरियां संचालित है। प्रत्येक खेल नर्सरी में करीब 25 खिलाड़ियों को शामिल किया जाता है। इन नर्सरियों में प्रशिक्षण लेने वाले 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाती है, जबकि 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रति माह की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
-
प्रशिक्षकों को सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। इसको तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया। सूचना सभी प्रशिक्षकों को दे दी गई है। संबंधित प्रशिक्षकों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ जल्द मिलना शुरू हो जाएगा। - आरती कोहली, जिला खेल अधिकारी