गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण के जिस मरीज को बादशाहपुर में होम आइसोलेट किया गया था, वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित अपने घर पहुंच गया। विभाग ने जब उसे फोन किया तो उन्हें शक हुआ। जहां आइसोलेट किया था वहां पुलिस की मदद से निरीक्षण किया गया तब जानकारी मिली। बहरहाल, स्वास्थ्य अधिकारी की शिकायत पर बादशाहपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आरोपी मरीज के गृह जिले में संपर्क साधकर उसे फिर से आइसोलेट करवाने की कोशिश कर रहे हैं। संक्रमित युवक दरबारीपुर रोड स्थित एक घर में किराये पर रहता था। 17 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने उसे होम आइसोलेट कर दिया था। दो दिन बाद विभाग ने जब मरीज को फोन कर जानकारी ली तो उन्हें शक हुआ।
उसके बाद आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। तब पुलिस की मदद से मरीज के घर पर निरीक्षण किया तो युवक मौके पर नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग ने जांच में पता लगाया कि वह अपने गृहनगर चला गया है। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विभा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।