गुरुग्राम। हॉकी प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को नेहरू स्टेडियम स्थित हॉकी टर्फ पर जिले के खिलाड़ियों के बीच अभ्यास सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान सीनियर और जूनियर वर्ग की बालक एवं बालिका टीमों के बीच मैत्री मुकाबले खेले गए। अभ्यास मैचों में बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में जीत दर्ज की। सीनियर वर्ग में बालक और बालिका टीमों के बीच खेला गया मुकाबला काफी रोमांचक रहा। बालिका टीम ने बालक टीम को 4-3 के करीबी अंतर से पराजित कर दिया। वहीं जूनियर वर्ग में भी बालिका टीम का दबदबा देखने को मिला। जूनियर बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 5-2 के स्कोर से अपने नाम किया। प्रशिक्षक अशोक ने कहा कि बालिका खिलाड़ियों ने काफी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, जो जिले की हॉकी के लिए सकारात्मक संकेत है। आगामी दिनों में भी इसी तरह के अभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि खिलाड़ी प्रतियोगिताओं के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। संवाद