गुरुग्राम विश्वविद्यालय में कवियों का समागम, देश भर के दिग्गजों की गूंजीं रचनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय के सेक्टर-51 स्थित सभागार में सोमवार को हिंदी का उत्सव-2026 के तहत राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। भारतीय ज्ञान एवं भाषा विभाग और अखिल भारतीय साहित्य परिषद, गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में देशभर से पहुंचे कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को खूब आनंदित किया। हास्य-व्यंग्य, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कविताओं ने सभागार में मौजूद लोगों को बांधे रखा।
राष्ट्रीय कवि गजेंद्र सोलंकी की उपस्थिति में हुए सम्मेलन में हास्य कवि शंभू शिखर, सुदीप भोला, चरणजीत चरण और सुंदर कटारिया ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। कवियों की रचनाओं में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना भी देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान और सांस्कृतिक धरोहर है। ऐसे आयोजन युवाओं में हिंदी के प्रति रुचि और गर्व की भावना बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा और भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने सभी कवियों और आयोजकों की सराहना की। कार्यक्रम में संरक्षक डॉ. अमरजीत कौर और प्रो. राकेश कुमार योगी भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान पुरस्कार भी वितरित किए गए।