जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीता रजत पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में मुक्केबाज़ हिमांशी गुलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता है। हिमांशी ने इस जीत से देश का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 1 से 15 मई तक उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में आयोजित की गई, जिसमें एशिया के कई देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। पालम विहार एक्सटेंशन निवासी हिमांशी ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में हिमांशी ने जॉर्डन की खिलाड़ी को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई और रजत पदक अपने नाम किया। हिमांशी के पिता एडवोकेट सुरेंद्र गुलिया ने बताया कि वह इससे पहले भी जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं और लगातार दो बार राष्ट्रीय चैंपियन भी रह चुकी हैं। हिमांशी एलीट बॉक्सिंग एकेडमी में कोच राजेश जाखड़ से प्रशिक्षण ले रही हैं। वह द मौर्या स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।