गुरुग्राम। साउथ सिटी-1 में रहने वाले एयर इंडिया से सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक के घर से 35 लाख से अधिक का सामान लेकर फरार होने वाले घरेलू सहायक का अब तक सुराग नहीं लगा है। मामले की छानबीन कर रही पुलिस को उसके आधार कार्ड में दिया गया पता फर्जी मिला है।
पुलिस ने छानबीन के दौरान दिल्ली रोहिणी के एक रेस्तरां में काम करने वाले युवक को पकड़ा है जिसने विनोद की नौकरी यहां पर लगवाई है। पुलिस को यह भी पता चला है कि दोनों युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। उसके दोस्त से यह जानने में जुटी है कि जब उसे यह पता था कि वह नेपाल का और उसके गांव का रहने वाला है तो उसने हिमाचल का आधार कार्ड देकर क्यों पहचान करवाई थी। इसके साथ ही पुलिस ने दिल्ली में उससे बात करने वाले दो अन्य युवकों से भी पूछताछ की है।
जानकारी हो कि साउथ सिटी-1 निवासी रवि हांडा ने घरेलू सहायक विनोद साहू पर घर से करीब 20 लाख रुपये नकद, 10 लाख की जूलरी व 5 लाख की दो घड़ियां चोरी कर फरार होने की शिकायत दी है। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने घरेलू सहायक के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
विनोद साहू की तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है। कुछ जानकारी मिली है। उस पर टीम काम कर रही है जल्द ही उसे दबोचा जाएगा।
- विरेंद्र खत्री , थाना प्रभारी सेक्टर-40, गुरुग्राम।