बैंकों की सुरक्षा को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने बैंक प्रबंधन के साथ की बैठक
साइबर सुरक्षा से निपटने के लिए खाता खोलने व केवाईसी सही तरीके से करने पर जोर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सुरक्षा को लेकर डीसीपी क्राइम व साइबर थाना की पुलिस ने 40 से भी अधिक बैंक प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान साफ्टवेयर अपडेट होने के साथ ही लगने वाले कैमरों की क्वालिटी ठीक रखने पर जोर रहा। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी क्राइम विजय प्रताप ने किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस उपायुक्त अपराध ने बैंकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एटीएम और बैंक परिसरों में अपराधियों की पहचान के लिए सॉफ्टवेयर से लैस उन्नत निगरानी व उच्च गुणवत्ता वाले मेगापिक्सेल कैमरे लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सभी एटीएम के अंदर कैमरे इस तरह से लगाए जाए ताकि एटीएम में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति के चेहरे की स्पष्ट वीडियो कैप्चर हो सके। वहीं रात्रि के लिए नाइट विजन कैमरे लगाने की भी व्यवस्था की जाए। ग्रामीण और शहरी इलाकों में रात के दौरान एटीएम पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाए और उन्हें सतर्क रहने के जानकारी दी जाए व बैंकों या एटीएम में संदिग्ध तरीके से घूमते पाए जाने वाले व्यक्तियों के बारे में पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया जाए।
बैठक में डीसीपी द्वारा सुझाव दिया गया कि सभी बैंकों को समय-समय पर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके द्वारा लगाए गए कैमरे ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं। इस बैठक के माध्यम से सभी बैंक प्रबंधकों के साथ चर्चा की गई कि जब भी किसी मामले में पुलिस द्वारा बैंक से कोई जानकारी मांगी जाए तो बैंक उस जानकारी को प्राथमिकता से लें। वहीं मामले से संबंधित जानकारी जल्द उपलब्ध करवाने का प्रयास करें ताकि अपराधियों की पहचान कर मामले में आगे की कार्रवाई कर सके। सभी बैंकों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे सभी हेल्पलाइन नंबरों को अपने-अपने बैंकों में बोर्ड एटीएम पर प्रदर्शित करें और खाता खुलवाने आये सभी बैंक कस्टमर का वेरिफिकेशन/केवाईसी ठीक तरीके से करें। इस दौरान बैंकों की सुरक्षा से जुड़े सभी मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और सुरक्षा से सम्बंधित सभी मुद्दों का हल निकालने के प्रयास करने पर जोर दिया गया ।
इस अवसर पर एसीपी अपराध वरुण कुमार दहिया, एसीपी साइबर विपिन अहलावत, एलडीएम गुरुग्राम अशोक कुमार, सभी साइबर पुलिस स्टेशन के थाना प्रबंधक और 45 विभिन्न बैंक प्रबंधक और कर्मचारियों मौजूद रहे।