- रानयाकि गांव की पंचायत ने सुनाया फैसला, परिवार से संपर्क रखने पर देना होगा 21 हजार का जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। उपमंडल के गांव रानयाकि में रविवार को आयोजित पंचायत में गांव के जिम्मेदार लोगों ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त एक परिवार के सामाजिक बहिष्कार का सर्वसम्मति से फैसला लिया। पंचायत में तय किया गया कि यदि कोई भी ग्रामीण उस परिवार से किसी प्रकार का संबंध या संपर्क रखता है तो उस पर 21 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा।
पंचायत में शामिल चौधरी फतेह मोहम्मद, जमशेद सरपंच ,सिकंदर सरपंच, जमील नंबरदार ,मजीद, शाहिद ,नियाज मोहम्मद, इलियास ,दयाचंद, तोता फौजी अली, शेर रामपत, मूसा खुर्शीद रमजान आसम ,इदरीस आदि ने बताया कि संबंधित परिवार लंबे समय से गांव और आसपास के क्षेत्र में बदनामी का कारण बना हुआ है। परिवार के सदस्य नशाखोरी, पशु चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्त पाए गए हैं। पुलिस द्वारा उनके खिलाफ मामले भी दर्ज हैं और जांच में उनकी संलिप्तता स्पष्ट हो चुकी है, बावजूद इसके वे अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आ रहे थे। इसी को लेकर पंचायत में निर्णय लिया गया कि उक्त परिवार का पूर्ण रूप से सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। गांव के किसी भी दुकानदार को उन्हें सामान देने की अनुमति नहीं होगी, वहीं गांव की महिलाओं को भी उनके घर जाने या बातचीत करने से रोका गया है। पंचायत के आदेश का उल्लंघन करने वालों पर भी 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस निर्णय की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है।