संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। फील्ड मिनिस्ट्रियल स्टाफ की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन (हेमसा) ने 25 अगस्त को मास डेपुटेशन देने का फैसला किया है। बुधवार को जिला प्रधान उदयभान यादव की अध्यक्षता में संगठन के पदाधिकारियों ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, गुरुग्राम को इस संबंध में नोटिस सौंपा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 11 फरवरी 2026 को शिक्षा सदन, पंचकूला में प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद हुई द्विपक्षीय वार्ता में निदेशालय स्तर की 10 सूत्रीय मांगों का एक सप्ताह में समाधान करने और सरकार स्तर की मांगों को दो माह में पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। संगठन का आरोप है कि कई माह बीतने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
संगठन के अनुसार, 11 अगस्त को निदेशक के साथ हुई वार्ता में भी मांगों के समाधान की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। इससे फील्ड कर्मचारियों में रोष है। इसी के विरोध में 25 अगस्त को राज्य कार्यकारिणी शिक्षा सदन, पंचकूला पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात करेगी और मांगों के समाधान की मांग रखेगी। संगठन ने कहा कि यदि मौके पर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान दिनेश कुमार, राजीव कुमार, संदीप कुमार, ममता, गीता, परविंदर, सुनील कुमार, सचिन, ममता, बलवान, विकास कुमार, वरुण कुमार और संजीव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।