फर्रूखनगर। निजी कंपनी के एक हेल्पर ने कर्ज से परेशान होकर पीजी में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले उसने पीजी के कमरे में साथ रहने वाले युवक को मैसेज किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर पंखे से लटक रहे शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलवाया। पुलिस ने कई कोण से जांच शुरू कर दी है।
हिसार के गांव साहुवाला निवासी अशोक कुमार (22) फर्रूखनगर के बंसल पीजी में रहता था। 20 दिन पहले ही वह फर्रूखनगर आया और एक कंपनी में हेल्पर लग गया। कंपनी में वह सामान लोडिंग का काम करने लगा। पीजी में अशोक के साथ रहने वाले राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी देविंद्र ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसे किसी व्यक्ति का फोन आ रहा था। फोन पर वह काफी देर तक बात करता था और डरा हुआ रहता था। 17 अक्तूबर को अशोक अपने घर हिसार जाने के लिए निकला था, लेकिन बीच रास्ते में से ही वापस आ गया और ड्यूटी चला गया। बुधवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण अशोक अपने कमरे में आराम कर रहा था।
देविंद्र ने बताया कि वह (देविंद्र) ड्यूटी पर गया हुआ था। अशोक ने देर रात उसे व्हॉट्सएप पर मैसेज किया कि उसके परिवार को कर्ज के बारे में कुछ न बताए। यह भी परिवार वालों को न बताए कि वह हिसार में बिना परिजनों से मिले बीच रास्ते से वापस आ गया। उसने माफी मांगने के साथ जाने का भी मैसेज दिया।
बृहस्पतिवार सुबह जब वह (देविंद्र) वापस पीजी में पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी कोई बाहर नहीं आया। इस पर उसने खिड़की से अंदर झांका तो अशोक पंखे से लटका दिखाई दिया। इस पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।