स्वतंत्रता दिवस के चलते 14 अगस्त की रात को भी लागू होगा यही आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस के चलते शनिवार रात बारह बजे से रविवार दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों का दिल्ली में प्रवेश बंद होगा। डीसीपी टैफिक की ओर से इन वाहनों को वैकल्पिक रास्ते से निकालने का निर्देश जारी किया गया है। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस की पूर्व रात में भी भारी वाहनों पर यह आदेश लागू होगा।
दिल्ली के लाल किले पर होने वाले ध्वजारोहण की रिहर्सल को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इस क्रम में दिल्ली-जयपुर हाईवे से लेकर अन्य मार्गों पर वाहनों का दबाव न बढ़े इसके लिए बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकालने को कहा है। ऐसे में जयपुर की ओर से आने वाले वाहनों को केएमपी के रास्ते निकाला जाएगा।
जिन वाहनों को दिल्ली के आगे जाना है वह इन रास्तों से निकल सकते हैं। डीसीपी ट्रैफिक वीरेंद्र विज ने बताया कि सभी एसीपी ट्रैफिक व ट्रैफिक इंस्पेक्टर अपने क्षेत्र में चेंकिंग लगा कर वाहनों के डायवर्जन की व्यवस्था तय करेंगे। किसी भी हालत में दिल्ली की सीमा पर जाम न लगे इसका खयाल रखा जाएगा। शनिवार की रात को बंद होने वाली दिल्ली की सीमा को रविवार दोपहर में खोल दिया जाएगा। ठीक इसी तरह सोमवार की रात को बारह बजे से मंगलवार दोपहर बारह बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।