निवासियों में दहशत, खराब रखरखाव के लिए बिल्डर को जिम्मेदार ठहराया
एसटीपी से शिकायत भी की गई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर -104 स्थित जारा सोसाइटी के फ्लैटों की दीवार से प्लास्टर गिरने से वहां के निवासियों में दहशत है। उन्होंने सोसाइटी के खराब रखरखाव के लिए बिल्डर को जिम्मेदार ठहराया है। अभी हाल ही में सोसाइटी की सीढ़ियों की छत का प्लास्टर गिर गया। अन्य फ्लैट में भी प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इन सब को लेकर वरिष्ठ नगर योजनाकार कार्यालय में शिकायत भी की गई है।
जारा सोसाइटी में 19 टावर हैं। इसमें कुल 818 फ्लैट हैं । इनमें से 650 फ्लैट में परिवार रह रहे हैं। वर्ष 2015 में प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद आवंटन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। 2019 में फ्लैट मालिकों को ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट दिया गया। वर्ष 2020 से फ्लैट खरीदने वालों को बिल्डर ने कब्जा देना शुरू कर दिया।
नियम है कि सोसाइटी का रखरखाव 5 साल तक बिल्डर ही करेगा लेकिन बिल्डर इस जिम्मेदारी को ठीक से नहीं निभा पा रहा है। सोसाइटी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष हेमंत कुमार कहते हैं कि खराब रखरखाव के अलावा अन्य भी ऐसे मुद्दे हैं जिससे यहां के रहने वाले लोग परेशान हैं। 33 केवीए का सब स्टेशन यहां पर नहीं है। बिल्डर ने सब स्टेशन के लिए जमीन तो दे दी है लेकिन उसके बाद कोई भी प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इसके अलावा बिल्डर ने सब स्टेशन बनाए जाने के लिए फ्लैट मालिकों को अतिरिक्त पैसे देने का फरमान भी जारी कर दिया है। इससे यहां के रहने वालों में रोष है। यहां पर बिना उपचारित किए ही छोड़ दिए जाने वाले पानी की भी समस्या है। इस गंदे पानी के कारण सोसाइटी में संक्रामक रोगों का खतरा बना रहता है। खराब रखरखाव के कारण फ्लैट मालिकों की न सिर्फ संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है बल्कि उनकी जान को भी खतरा बना हुआ है।