छह नवंबर को सिविल सर्जन कार्यालयों पर होगा प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश में बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी (एमपीएचडब्ल्यू) वर्ग की ओर से शनिवार को ऑनलाइन स्वास्थ्य पोर्टल के बहिष्कार से विभाग की डिजिटल सेवाएं ठप हो गईं। यह जानकारी शहर में आयोजित एसोसिएशन के जिला स्तरीय कन्वेंशन में राज्य प्रधान शर्मिला देवी ने दी। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान भूपेंद्र बंसल ने की और संचालन जिला सचिव सुदेश कुमारी ने किया। एसोसिएशन ने घोषणा की कि छह नवंबर को सभी सिविल सर्जन कार्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मिला देवी, महासचिव सहदेव आर्य और संगठन सचिव शशि बाला ने बताया कि सरकार की ओर से बार-बार पत्राचार के बावजूद कर्मचारियों की जवाबदेही स्पष्ट नहीं की जा रही है। अतिरिक्त ऑनलाइन कार्य एमपीएचडब्ल्यू वर्ग पर डाल दिया गया। इस कारण एसोसिएशन ने 25 अक्तूबर से सभी ऑनलाइन स्वास्थ्य पोर्टल अनमोल, एनसीडी, आशा पे एप, एफपीएलआईएमएस, निक्षय, सुरक्षित नारी सुरक्षित परिवार आदि के बहिष्कार का निर्णय लिया।
राज्य महासचिव सहदेव आर्य ने कहा कि जब तक सरकार की ओर से अतिरिक्त मानव संसाधन, लैपटॉप, टैबलेट व इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती तब तक बहिष्कार जारी रहेगा। एसोसिएशन ने घोषणा की कि छह नवंबर को सभी सिविल सर्जन कार्यालयों पर रोष प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें 4200 ग्रेड वेतन, वर्दी व यात्रा भत्ता, नियमितीकरण नीति और सेवानिवृत्ति लाभों की मांग की जाएगी।