-नागरिक अस्पताल में मरीजों को दिए जाएंगे ओआरएस पैकेट
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में तेज धूप और लू के कारण अप्रैल महीने में ही करीब 500 से 600 मरीज ओपीडी में पहुंचे। बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हीट एक्शन प्लान लागू कर दिया है। इसके तहत अस्पतालों में मरीजों को ओआरएस की पाउच निशुल्क वितरित की जाएगी। साथ ही मेडिसिन ओपीडी और कैजुअल्टी में भी ओआरएस मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यालय स्तर से निर्देश जारी किए गए हैं।
मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक फ्लूइड आइस पैक और अन्य जरूरी सामग्री का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा जिले के सभी 43 स्वास्थ्य केंद्रों पर ओआरएस का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। तेज धूप और लू के कारण नागरिक अस्पताल में पेट दर्द, सिर दर्द और उल्टी-दस्त जैसी समस्याओं के मरीज अधिक आ रहे हैं। स्थिति गंभीर होने पर कई मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। डॉक्टरों ने लोगों को धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
वर्जन
जिले के सभी 43 स्वास्थ्य केंद्रों पर ओआरएस पैकेट का पर्याप्त स्टॉक रखने के आदेश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को नागरिक अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है ताकि समय पर उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हो सकें। -
डाॅ. लोकवीर, सीएमओ, स्वास्थ्य