गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण के प्रकोप के बीच मरीजों को बेहतर इलाज दिलाने के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला स्वास्थ्य विभाग को परिवहन विभाग की तरफ से 3 नई बसें दी गई हैं। इनका उपयोग मरीजों को लाने व ले जाने के साथ ही इलाज के लिए भी किया जा सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के एंबुलेंस सेवा में कार्यरत कुलभूषण ने बताया कि विभाग को 2 मिनी बस व एक बड़ी बस मिली है। आगामी दिनों में स्वास्थ्य विभाग को कई और बसें मिलने की संभावना है। कुलभूषण के मुताबिक 3 में से 2 मिनी बसें हैं, जिनका उपयोग मरीजों को अस्पताल तक लाने व उनको गंतव्य तक पहुंचाने में किया जाएगा। इनमें से प्रत्येक में 4 बेड हैं और इनमें ऑक्सीजन व पंखों समेत इलाज के लिए बेसिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, एक बड़ी बस है, जिसमें 6 बेड हैं और इलाज की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
बेड उपलब्ध न होने की स्थिति में होगा इलाज
एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की तर्ज पर विकसित इस बस में इलाज की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में बेड उपलब्ध न होने की स्थिति में इसमें मरीजों का इलाज भी किया जाएगा। उक्त बस में स्प्लिट एसी लगाई गई है और इस मल्टीपर्पज बस को सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग के बाहर खड़ा किया गया है। दरअसल कोराना काल में कई बार एक ही जगह से कई मरीजों को अस्पताल तक लाना पड़ जाता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के सामने समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसी को देखते हुए इस तरह बसों की व्यवस्था की गई है।
फोटो है