झगड़े के एक मामले में समझौता कराने और आरोपी को मामले से बचाने की एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल को एसीबी की टीम ने रविवार की शाम रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हेड कांस्टेबल पहले भी चार हजार रुपये ले चुका है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
राजेंद्रा पार्क थाना के अंतर्गत आनंद गार्डन पुलिस चौकी में आए झगड़े के एक मामले में आरोपी को बचाने और समझौता कराने के लिए हेड कांस्टेबल नरेंद्र ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) को दी थी। एसीबी को शिकायतकर्ता ने बताया कि झगड़े के मामले में एक अन्य युवक ने आनंद गार्डन पुलिस चौकी में उसके खिलाफ शिकायत दी थी। मामले में मुख्य सिपाही नरेंद्र को जांच अधिकारी नियुक्त किया था।
नरेंद्र ने मामले में समझौता कराने की बात कहते हुए 10 हजार रुपये मांगे। समझौता नहीं करने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कही। शिकायत मिलने पर एसीबी टीम ने व्यक्ति को 10 हजार रुपये की रिश्वत देने के लिए मुख्य सिपाही नरेंद्र के पास भेजा। जैसे ही हेड कांस्टेबल ने 10 हजार रुपये रिश्वत लिए एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले वह पीड़ित व्यक्ति से समझौता कराने की बात कह चार हजार रुपये ले चुका था।