निवेश के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह ने एक और व्यक्ति को अपना शिकार बनाया है। सेक्टर-46 निवासी नीतीश गुप्ता से जालसाजों ने मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 11 लाख 24 हजार रुपये हड़प लिए। साइबर थाना पूर्व थाने में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक महीने तक चला ठगी का खेल
पुलिस को दी गई शिकायत में नीतीश गुप्ता ने बताया कि यह धोखाधड़ी का सिलसिला 15 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 12 जनवरी 2026 तक चला। इस दौरान अज्ञात साइबर ठगों ने उनसे संपर्क किया और उन्हें शेयर बाजार में निवेश कर रातों-रात अमीर बनने के सपने दिखाए। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 11 लाख 24 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
पैसे निकालने पर खुला राज
पीड़ित ने अपने निवेश किए हुए पैसे और मुनाफे को वापस निकालने का प्रयास किया, तो उन्हें तकनीकी खराबी या टैक्स के नाम पर और पैसों की मांग की गई। संदेह होने पर जब नीतीश ने पड़ताल की, तो उन्हें अहसास हुआ कि वे एक बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाना गुरुग्राम पूर्व में दी गई।
जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।
.............विराट