-फाइनल में उत्तर प्रदेश को 8-1 से हराया, कप्तान आध्या सिंह ने दागे 18 गोल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा की अंडर-11 गर्ल्स रोल बॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी नॉर्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाते हुए सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की। फाइनल में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 8-1 के बड़े अंतर से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
हरियाणा की सफलता में कप्तान आध्या सिंह और वाइस कैप्टन सिया का अहम योगदान रहा। आध्या ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक खेल दिखाते हुए 18 गोल दागे और उन्हें चैंपियनशिप का बेस्ट प्लेयर चुना गया। वहीं, सिया की अगुवाई में टीम का डिफेंस मजबूत रहा और विपक्षी टीमें पूरे टूर्नामेंट में केवल एक गोल ही कर सकीं। हरियाणा ने लीग चरण के पहले मुकाबले में दिल्ली को 1-0 से हराया। दूसरे मैच में उत्तर प्रदेश को 3-0 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में पंजाब के खिलाफ टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 14-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में एक बार फिर हरियाणा और उत्तर प्रदेश आमने-सामने रहे। हरियाणा की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मुकाबले पर दबदबा बनाए रखा और 8-1 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
टीम की जीत में अदिवा सिंह, मीरा अग्रवाल, प्राची, अन्वी, पारधि, प्रब्लिन, कीर्ति, हरविका, तीस्था और रुहल ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। हरियाणा रोल बॉल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी रणवीर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि टीम ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली टीम को इस बार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा रहा है।