आइस स्केटिंग में हरियाणा के खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन
गुरुग्राम। एंबियंस मॉल में चल रही राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को चौथे दिन तेलंगाना और हरियाणा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कि या। दोनों प्रदेशों के खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबलों में बढ़त बनाई हुई है।
आइस स्केटिंग एसोसिएशन के महासचिव नवदीप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को फाइनल मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में 140 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। हरियाणा के 12 खिलाड़ी प्रतियोगिता में खेल रहे हैं, जिसमें 8 खिलाड़ी गुरुग्राम के हैं। प्रतियोगिता के चौथे दिन भारतीय आइस स्केटिंग एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरके गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से आइस स्केटिंग जैसे खेल को भारत के गांव व छोटे शहरों तक पहचान मिली है। बताया कि आइस स्केटिंग सबसे पहले करीब चार हजार साल पहले दक्षिणी फिनलैंड में हुई थी। उस समय स्केटर्स वास्तव में बर्फ पर स्केटिंग नहीं करते थे बल्कि यह ज्यादातर मामलों में बर्फ की सतह पर फिसलना होता था।
प्रतियोगिता के चौथे दिन इस अवसर पर मौजूद भारतीय आइस स्केटिंग एसोसिएशन के निदेशक कर्नल नारंग ने बताया कि 5 दिवसीय इस चैंपियनशिप में हरियाणा, तेलंगाना, दिल्ली, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, हिमाचल समेत विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने रिंक में उतरकर अपना दमखम दिखाया।