बीते सप्ताह में गुरुग्राम यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) वाले 626 वाहन चालकों के चालान काटे हैं। इनमें 11 महिला भी शामिल हैं। यातायात पुलिस उपायुक्त विरेंद्र विज के निर्देशानुसार शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बीते सप्ताह विशेष अभियान चलाया था। अभियान के तहत 11 महिला वाहन चालकों सहित कुल 626 वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलते हुए पकड़ा। पुलिस टीमों ने उक्त चालकों के ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत चालान काटे। यातायात पुलिस उपायुक्त विरेंद्र विज ने गुरुग्राम के नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात के सभी नियमों की पालना करें और किसी भी प्रकार का नशा करके वाहन ना चलाएं। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम पुलिस द्वारा इस प्रकार के चालान अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।