फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा बोर्ड : ड्रोन व पुलिस के साए में हुई 10वीं की अंग्रेजी की परीक्षा

विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
विज्ञापन


रिजवान खान
नगीना। दसवीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा सोमवार को नकल रहित कराने के लिए प्रशासन सख्त नजर आया। पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह ने दर्जनों परीक्षा केंद्रों का दौरा कर जायजा लिया। परीक्षा केंद्रों की पड़ताल करने के लिए सबसे पहले अमर उजाला की टीम 12:30 बजे पेपर लीक मामले से चर्चाओं में आए टपकन गांव के परीक्षा केंद्र पर पहुंची। जहां पर पुलिस द्वारा नकल रहित परीक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्र के चारों ओर पुलिस का सख्त पहरा दिखाई दिया। नकल कराने आए लोगों को 300 मीटर दूर तक खदेड़ कर रखा। ड्रोन की मदद से परीक्षा केंद्र की निगरानी रखी गई। यहीं नहीं पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप के साथ उप-पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार, जिला नगर योजना अधिकारी बिनेश कुमार व एसडीएम अश्वनी ने दल बल के साथ मौके पर मोर्चा संभाला।

इसके बाद करीब 1:45 पर हिन्दू हाई स्कूल में बने परीक्षा केंद्र के बाहर अमर उजाला की टीम पहुंची। जहां पर पुलिस के जवानों का परीक्षा केंद्र के बाहर चप्पे-चप्पे पर पहरा दिखाई दिया। नकल कराने वाले युवा परीक्षा केंद्र के पास ना पहुंच सके इसके लिए पुलिस का सुरक्षा कवच तैयार किया गया था। वहीं, नूंह में बने यासीन मेव डिग्री कॉलेज के परीक्षा केंद्र के बाहर टीम करीब 2:15 बजे पहुंची। जिसकी पड़ताल में पाया कि पिछले पेपर में जहां फोटो कॉपी की दुकानें परीक्षा केंद्र के बाहर खुली हुई थीं। अब उनको बिल्कुल बंद कर दिया गया है। 200 मीटर का दायरा बिल्कुल खाली करा दिया गया।
विज्ञापन

ड्यूटी मजिस्ट्रेट किए गए नियुक्त

नकल की घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट व नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के अंदर की देखभाल शिक्षा विभाग करेगा तो वहीं बाहरी सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस व ड्यूटी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी तय की गई है।

नूंह सदर थाना व पुन्हाना सिटी थाना प्रभारी हुए थे निलंबित

नूंह। 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं में हुई अव्यवस्थाओं के चलते शनिवार को दो डीएसपी निलंबित किए गए थे। इस मामले में नूंह सदर थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप व पुन्हाना सिटी थाना प्रभारी एसआई सुमित को निलंबित किया गया है। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि नूंह सदर थाना प्रभारी का कार्य इंद्रजीत देख रहे हैं। हालांकि अभी तक थाना प्रभारियों के निलंबन के आदेश उन्हें प्राप्त नहीं हुए है।
-
तावडू में एसडीएम ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण

तावडू। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 का दायरा 100 मीटर से बढ़ाकर 500 मीटर कर दिया है। इस क्षेत्र में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों की दीवारों पर कंटीली तार लगाए गए हैं और छतों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षार्थियों के जूते भी उतरवाए जा रहे हैं ताकि नकल की संभावनाओं को कम किया जा सके। तावडू में एसडीएम संजीव कुमार ने पुलिस के साथ मिलकर स्वयं मोर्चा संभाला है। सभी परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। पुलिस ने नकलचियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी की है और 500 मीटर की परिधि में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर लाठीचार्ज के आदेश दिए गए हैं। लाठीचार्ज से घायल होने वालों के लिए दस एंबुलेंसों का भी इंतजाम किया गया है। संवाद

कोड को स्कैन कर दिया प्रवेश
फिरोजपुर झिरका। पुलिस प्रशासन की सख्ती के साथ परीक्षा केंद्रों पर भी सख्ती बरती गई। सोमवार को कक्षा दसवीं की अंग्रेजी की परीक्षा के शुरू होने से पहले ही परीक्षा केंद्र में बच्चों को प्रवेश देने से पहले उनके रोल नंबर स्लिप की जांच व कोड को स्कैन किया गया ताकि किसी भी फर्जी बच्चों की परीक्षा केंद्र में प्रवेश ना हो सके। स्थानीय उपमंडल अधिकारी ना0 लक्ष्मी नारायण ने बताया कि फिरोजपुर झिरका शहर के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बॉयज में 304 परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा दी जानी थी, जिनमें से आठ परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर सख्ती ऐसी देखी गई कि दूर-दूर तक भी नकलची नजर नहीं आए। यानी बोर्ड की परीक्षाएं पुलिस के साए में संपन्न हुई।

-
परीक्षा में नकल करने वालों व करवाने वालों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई : प्रदीप अहलावत

संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले में चल रही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं को नकल रहित करवाने के लिए लगाए गए नोडल अधिकारी एवं सीईओ जिला परिषद प्रदीप अहलावत ने नकल रहित परीक्षा के लिए विभिन्न स्कूलों का दौरा किया। सर्वप्रथम चौधरी मोहम्मद यासीन खान मेव सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने दो केंद्रों ब्लॉक वन और ब्लॉक 2 का निरीक्षण किया। इसके बाद ग्रीनफील्ड हाई स्कूल व माउंट अरावली स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में परीक्षाओं का जायजा लिया और परीक्षा में नकल रोकने के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की। सीईओ जिला परिषद प्रदीप अहलावत ने बताया कि नकल रहित परीक्षा के लिए स्कूलों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में नकल रोकने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इस दौरान सीईओ जिला परिषद ने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा में नकल रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में नकल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सख्त लेकिन स्कूल प्रशासन अभी सुस्त

यासीन मेव स्कूल की दीवार को असामाजिक तत्वों ने दोबारा तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी

नूंह। नकल व पेपर लीक को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन सख्त दिखाई दे रहे हैं। डीसी से लेकर एसपी तक जमीनी स्तर पर जायजा लेते हुए दिख रहे हैं। वहीं, यासीन मेव डिग्री स्कूल की दीवार तोड़कर बनाए गए अवैध रास्तों पर स्कूल प्रशासन का ध्यान नहीं है। स्कूल प्रशासन की तरफ से खानापूर्ति करते हुए दीवार तो बनवा दी गई लेकिन उसकी देखभाल नहीं की। इसी के चलते नकल करने वाले युवकों ने दीवार को दोबारा तोड़ दिया।
शिक्षा विभाग की तरफ से नूंह के सभी स्कूलों की टूटी हुई दीवार व खिड़की तुरंत ठीक करवाने के निर्देश मिले हुए हैं लेकिन यासीन मेव स्कूल प्रशासन इस बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है। जहां अन्य स्कूलों में दीवारों को ठीक करवाने के साथ तार फैनसिंग करवाई जा रही है। वहीं, यासीन मेव स्कूल प्रशासन टूटी हुई दीवार को ठीक से नहीं बनवा पाया। इस दीवार में अब भी इतना रास्ता है कि इसमें से कोई व्यक्ति निकल सकता है। पुलिस की सख्ती के बाद भी अवैध रास्ता खुला छोड़ना नकल करने वालों को मौका देने जैसा है।

बोर्ड सचिव अजय चोपड़ा ने भी परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

नूंह। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव अजय चोपड़ा ने भी सोमवार को फिरोजपुर झिरका, नूंह के गांव टपकन और नूंह शहर के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों, सुपरवाइजर को निर्देश दिए हैं कि वे बोर्ड की ओर से परीक्षाएं आयोजित करवाने के संबंध में विस्तृत गाइडलाइन जारी की गई हैं। परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी इन गाइडलाइन की अनुपालना सुनिश्चित करें। नकल के मामले में अगर कोई प्राध्यापक, अध्यापक आदि शामिल पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद
विज्ञापन

-
छात्रों ने लगाया परीक्षा से रोकने आरोप, पहुंचे डीसी ऑफिस

नूंह। छछेड़ा गांव के प्रभात स्कूल में बने परीक्षा केंद्र में सोमवार को आयोजित दसवीं कक्षा के दर्जनों छात्रों को परीक्षा केंद्र से बाहर कर परीक्षा ना दिलवाने का मामला सामने आया है। गुस्साए छात्रों ने जिला उपायुक्त कार्यालय में पहुंचकर मामले की जांच करने की मांग की है। अरबाज व सहबाज ने बताया कि सोमवार को उनका अंग्रेजी का पेपर था। आरोप है कि परीक्षा देने के लिए वह छछेड़ा गांव में बने परीक्षा केंद्र में पहुंचे। जहां पर उनको एक अध्यापक ने आधार कार्ड मांगने के नाम पर बाहर कर दिया और पेपर नहीं देने दिया। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को हुई परीक्षा में पेपर दिया था तब किसी ने हमें बाहर नहीं किया लेकिन अब अंग्रेजी का पेपर नहीं देने दिया गया। सहबाज ने कहा कि दर्जनों बच्चों को परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया गया है। सभी छात्र अपनी समस्या लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। लेकिन फिल्ड में होने के कारण उपायुक्त से मुलाकात नहीं हो पाई। छात्रों का कहना है कि सालभर उन्होंने पढ़ाई की और अब परीक्षा नहीं दे पाने से सभी मानसिक तौर पर बहुत परेशान हैं। यहीं नहीं एक साल बर्बाद हो गया। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें