गुरुग्राम। कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत बृहस्पतिवार को 13 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। इन केंद्रों पर 669 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने कोरोना का टीका लगवाया। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1250 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। जिले में टीकाकरण का दूसरा चरण चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 500 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था जिनमें से 284 ने ही कोरोना का टीका लगवाया। वहीं, नगर निगम के 500 कर्मचारियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था जिसमें 338 टीका लगवाने पहुंचे। 50 स्वास्थ्य कर्मचारियों में 19 ने ही कोरोना का टीका लगवाया। यह टीकाकरण नगर निगम के पांच, पुलिस कर्मियों के पांच, भोंडसी जेल के दो और स्वास्थ्य विभाग के एक बूथ पर किया गया।
जिला टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित है। शहरवासियों को भ्रमित नहीं होना चाहिए। टीकाकरण की प्रक्रिया में बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए।