गुरुग्राम। चंदू गांव दया विहार इलाके में व्यापारी से फोन कर 50 लाख की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को सेक्टर-17 की अपराध शाखा ने चंदू स्टैंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान सागर निवासी गांव साधराना के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल फोन बरामद किया है।
एसीपी क्राइम प्रीतपाल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मूल रूप से दिल्ली के द्वारका निवासी अनिल ने शनिवार को राजेंद्र पार्क थाना पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी चंदू विहार इलाके में बर्फी वाले के नाम से मिठाई की दुकान है। वह शनिवार शाम को अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। फोन पर उसने उनका वाट्सअप नंबर मांगा। इस पर उन्होंने नंबर देने से मना कर दिया और सारी बात इसी नंबर पर बताने को कहने लगे। तभी आरोपी बोला कि वह आकू का भाई सागर बोल रहा है। इसके बाद 50 लाख रुपये की मांग करने लगा। जब उन्होंने रुपये देने से इंकार कर दिया तो आरोपी उनको जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित अनिल ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। रविवार को सेक्टर-17 की क्राइम ब्रांच के एसआई नरेंद्र चौहान को सूचना मिली कि आरोपी सागर सेक्टर-10 के गांव साधरना में छुपा हुआ है। वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उसकी दुकान पर सामान की खरीदारी करने जाता था। खरीदारी के दौरान सामान पर छूट नही देता था। इस कारण उसने व्यापारी से रंगदारी की योजना बनाई।
आकू कई संगीन मामलों को लेकर जेल में है बंद
पुलिस जांच में सामने आया कि जिस बदमाश का नाम लेकर आरोपी ने व्यापारी से रंगदारी मांगने की कोशिश की थी। उस पर हत्या, लूट ,डकैती जैसे अनेक संगीन मामले दर्ज है और वह जेल में बंद है। जिसका रौब दिखाकर वह घटना को अंजाम देने के फिराक में लगा हुआ था।