दिल्ली-जयपुर हाइवे पर फ्लाई ओवर की मरम्मत को लेकर बंद होने वाले मार्ग का ट्रायल शनिवार से होगा। ट्रायल सफल होने के बाद उसे एक माह के लिए बंद किया जाएगा। शुक्रवार को यातायात उपायुक्त वीरेंद्र विज ने हीरो-होंडा चौक का निरीक्षण किया। इस दौरान एनएचएआई अधिकारियों की टीम में हरीश कुमार, जितेंद्र यादव, मनोज कुमार, सतीश एवं संजीव तथा एसीपी पुलिस सुरिंदर कौर, एसीपी यातायात (हाईवे) समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यातायात उपायुक्त ने आमजन की सुरक्षा को सुनिश्चित रखते हुए एनएचएआई अधिकारियों को होंडा चौक फ्लाईओवर के क्षतिग्रस्त हिस्से को जल्दी ठीक करने के लिए मीटिंग की। सभी अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर की रिपेयरिंग के लिए लगभग एक महीने का समय लगेगा। इस दौरान जयपुर से दिल्ली की तरफ हीरो-होंडा फ्लाईओवर पर यातायात का आवागमन पूर्ण रूप से बंद रहेगा। जयपुर से दिल्ली की तरफ जाने वाला यातायात नीचे से निकाला जाएगा।
निरीक्षण के बाद यह निर्णय लिया गया कि हीरो-होंडा फ्लाईओवर की तरफ आने वाले वाहनों के उपयोग को पूरी तरह बंद किया जाएगा। फ्लाईओवर के नीचे जो भी कट हैं, वे बैरिकेड से बंद किए जाएंगे और साइड से डायवर्जऩ कर रोड चौड़ा किया जाएगा।