रोल बॉल में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन। संवाद
- कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण और रजत पदक जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नॉर्थ जोन नेशनल्स रोल बॉल प्रतियोगिता में गुरुग्राम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा और जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में स्वर्ण और रजत पदक जीते। उनकी उपलब्धि पर आरकेएसए मल्टी स्पोर्ट्स अकादमी में सम्मान समारोह आयोजित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
अंडर-11 बालिका वर्ग में प्रभलीन और किराती बजाज ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-14 वर्ग में इवान, अथर्व, वानिया और शारिणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, अंडर-11 वर्ग में वियान, जिग्यांश, कार्तिक और उदय ने रजत पदक अपने नाम किए। सम्मान समारोह में रोल बॉल एसोसिएशन गुरुग्राम के महासचिव राज कपूर, आरकेएसए मल्टी स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक सुधीर यादव, उपाध्यक्ष राजेंद्र और संयुक्त सचिव हरि शंकर ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। गाड़ी हरसरू के पार्षद जुगनू सहित प्रशिक्षक और खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।