गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने दिसंबर 2025 में होने वाली परीक्षाओं के लिए केंद्रों में महत्वपूर्ण संशोधन जारी किए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि नियमित छात्रों के लिए कुछ केंद्रों में बदलाव अनिवार्य रूप से लागू किए गए हैं। नई अधिसूचना के अनुसार सेक्टर-9 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज की बिल्डिंग-I और बिल्डिंग-II को परीक्षा केंद्र के रूप में निर्धारित किया गया है। इन दोनों केंद्रों पर सेक्टर-9 कॉलेज के ही विद्यार्थी अपनी परीक्षाएं देंगे।
इसके अलावा सुल्तानपुर स्थित गवर्नमेंट कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया गया है, जहां इसी कॉलेज के विद्यार्थियों को परीक्षा देनी होगी। विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे संशोधित सूची के अनुसार अपने विद्यार्थियों को समय रहते परीक्षा केंद्रों की सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि बाद में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित की जाएंगी। संवाद