-तीन दिवसीय शंखनाद-6 का रंगारंग समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय युवा महोत्सव शंखनाद-6 का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण तरीके से समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि राज्य शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू, प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता राजपाल यादव, कार्यक्रम अध्यक्ष कुलगुरु डॉ. संजय कौशिक और मुख्य संरक्षक कुलसचिव डॉ. संजय अरोड़ा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों ने विजेताओं को ट्राॅफी प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस वर्ष महोत्सव की ओवरऑल ट्रॉफी गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने अपने नाम की। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गुरुग्राम विवि के छात्रों ने 22 विधाओं में प्रथम और 9 विधाओं में द्वितीय स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
युवा महोत्सव नेतृत्व निखारने का मंच : शिक्षा मंत्री
तीन दिनों तक चला यह महोत्सव संगीत, नृत्य, नाटक, लोक-संस्कृति, साहित्य और कला की विविध प्रस्तुतियों से सराबोर रहा, जिसने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा, युवा महोत्सव केवल प्रतियोगिताओं का संगम नहीं, बल्कि भविष्य के नेतृत्व को निखारने वाला सशक्त मंच है। गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने जिस अनुशासन और ऊर्जा के साथ इस आयोजन को सफल बनाया है, वह पूरे राज्य के लिए प्रेरक है।
महोत्सव एक ऊर्जा का की जगह : राव नरबीर सिंह
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने भी महोत्सव को युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा का शानदार मंच बताया। कुलगुरु डॉ. संजय कौशिक ने कहा कि विश्वविद्यालय आगे भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अवसर और पहचान देता रहेगा। उन्होंने आयोजन टीम को ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी।