गुरुग्राम के ट्रंप टावर्स में 36वीं मंजिल पर रहने वाले परिवार ने हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगाया है। लिफ्ट का बटन बंद करने और मेहमानों, डिलीवरी एजेंटों व सामान की एंट्री रोकने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद बिल्डर ने लिफ्ट चालू करा दी। पीड़ित ने बुजुर्ग मां और एक साल के बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। वहीं, सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों पर M3M इंडिया ने आधिकारिक सफाई जारी की है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
गुरुग्राम शहर के सेक्टर-65 स्थित लग्जरी आवासीय परियोजना ट्रंप टावर्स में रहने वाले एक परिवार ने बिल्डर और प्रबंधन पर उन्हें अपने ही घर में कैद करने जैसे हालात पैदा करने का आरोप लगाया है। वहीं, ट्रंप टावर्स में नजरबंदी के आरोपों का M3M इंडिया ने खंडन किया है।
विज्ञापन
दरअसल, 36वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 36सी के मालिक वरुण सुहाग ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने उनके फ्लोर पर लिफ्ट का कॉल बटन बंद कर दिया।इसके अलावा मेहमानों, डिलीवरी एजेंटों, निजी वाहनों और घरेलू सामान की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई। मामले को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो और शिकायत साझा की। मामला वायरल होने के बाद तकनीकी कर्मचारियों ने लिफ्ट की सुविधा बहाल कर दी।
वरुण सुहाग ने एक नवंबर को सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो साझा कर बताया कि उन्होंने 27 अगस्त को फ्लैट का कब्जा लिया था। 30 अक्टूबर को घर में फर्नीचर और अन्य सामान शिफ्ट करने के दौरान विवाद शुरू हुआ। उनका आरोप है कि इसके बाद बिल्डर एम3एम और प्रबंधन की ओर से उनके परिवार की आवाजाही में बाधा डाली जाने लगी।
विज्ञापन
Trending Videos
हर बार लिफ्ट के लिए हेल्पडेस्क को करना पड़ता था फोन
सुहाग के मुताबिक, उनके फ्लोर का लिफ्ट कॉल बटन निष्क्रिय कर दिया गया था। ऐसे में लिफ्ट बुलाने के लिए हर बार हेल्पडेस्क से संपर्क करना पड़ता था। इसके बाद भी लिफ्ट आने में 30 से 40 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर आने वाले मेहमानों, डिलीवरी एजेंटों और अन्य सेवा प्रदाताओं के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई। यहां तक कि निजी वाहन और घरेलू सामान ले जाने में भी परेशानी खड़ी की गई।
मां दिल की मरीज, घर में एक साल का बच्चा
सुहाग ने अपनी शिकायत में परिवार की परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि उनके साथ बुजुर्ग मां रहती हैं, जो दिल की मरीज हैं। इसके अलावा घर में एक साल का बच्चा भी है।
ऐसे में आपात स्थिति में लिफ्ट उपलब्ध नहीं होने से परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर परेशानी हो सकती है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस और गुरुग्राम पुलिस को भी सोशल मीडिया पोस्ट में टैग कर हस्तक्षेप की मांग की।
सोशल मीडिया पर मामला उछलने के बाद बहाल हुई लिफ्ट
सुहाग ने सोशल मीडिया पर एक अन्य पोस्ट के जरिये बताया कि मामला सामने आने और लोगों की प्रतिक्रिया के बाद बिल्डर की ओर से तकनीकी कर्मचारियों को भेजा गया और लिफ्ट की सुविधा दोबारा चालू कर दी गई। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई को केवल लिफ्ट चालू कराकर भुलाया नहीं जा सकता।
उधर, मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया है। मामले में बिल्डर प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनकी ओर से अभी जवाब नहीं मिला है।
ट्रंप टावर्स में नजरबंदी के आरोपों का M3M इंडिया ने किया खंडन
M3M इंडिया ने ट्रंप टावर्स दिल्ली एनसीआर के एक निवासी को "नजरबंद" करने के आरोपों का खंडन किया है। कंपनी ने इन आरोपों को भ्रामक और तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने वाला बताया है। ये आरोप सामाजिक माध्यम पर प्रसारित हो रहे थे।
M3M इंडिया ने स्पष्ट किया कि टावर की लिफ्ट पूरे समय चालू थीं और अन्य सभी मंजिलों से उनका इस्तेमाल किया जा सकता था। संबंधित अपार्टमेंट में दो मुख्य लिफ्ट की सुविधा है। इसके अलावा, दोनों सीढ़ियां, जिन्हें आग और अन्य आपात स्थितियों में बाहर निकलने के लिए बनाया गया है, हर समय खुली और सुलभ थीं। कंपनी ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपातकालीन या सुरक्षा सुविधा पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया था।
200 से अधिक कर्मचारी रोजाना कर रहे थे काम
कंपनी ने लिफ्ट संचालन में बदलाव की वजह बताते हुए कहा कि टावर में अभी कई फ्लैटों का इंटीरियर और फिट-आउट का काम चल रहा है। मकान मालिकों की ओर से कराए जा रहे इन कार्यों के लिए प्रतिदिन 200 से अधिक कर्मचारी टावर में आते-जाते हैं। ऐसे में पहले से रह रहे परिवारों की सुरक्षा और निजता बनाए रखने के लिए लिफ्ट की फ्लोर-लेवल कॉलिंग की सुविधा केवल उन्हीं अपार्टमेंट के लिए चालू की गई थी, जहां लोगों ने रहना शुरू कर दिया था।
M3M के अनुसार, जिन अपार्टमेंट में अभी कोई रहने नहीं आया था, वहां लिफ्ट के फ्लोर-लेवल ऑपरेटिंग पैनल को सक्रिय नहीं किया गया था। यह व्यवस्था सभी ऐसे अपार्टमेंट पर समान रूप से लागू थी। इसका उद्देश्य इंटीरियर का काम करने वाले कर्मचारियों की आवाजाही को नियंत्रित करना और रिहायशी मंजिलों पर रहने वाले परिवारों की सुरक्षा एवं निजता सुनिश्चित करना था।
3 अक्टूबर को ईमेल से दी गई थी जानकारी
कंपनी ने बताया कि संबंधित फ्लैट मालिक को इस व्यवस्था के बारे में 3 अक्टूबर 2026 को ईमेल के माध्यम से जानकारी दी गई थी। ईमेल में स्पष्ट किया गया था कि लिफ्ट की फ्लोर-लेवल कॉलिंग केवल उन अपार्टमेंट के लिए चालू है, जहां लोग रहने लगे हैं। संबंधित फ्लैट मालिक को यह भी बताया गया था कि उनके अपार्टमेंट का लिफ्ट ऑपरेटिंग पैनल घर में रहने के लिए तैयार होने पर सक्रिय कर दिया जाएगा। कंपनी का कहना है कि संबंधित फ्लैट के लिए सीधे लिफ्ट एक्सेस की सुविधा अब सक्रिय कर दी गई है।