होमगार्ड द्वारा अवैध वसूली की वायरल वीडियो के बाद की गई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने भ्रष्टाचार, लापरवाही और अवैध वसूली के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। ड्यूटी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक 60 दिन में रैंडम कंप्यूटरीकृत तबादले किए जाएंगे। यह व्यवस्था किसी एक स्थान पर लंबे समय तक तैनाती से उत्पन्न होने वाली अनियमितताओं की संभावनाओं को कम करेगी।
पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। यह कदम एक होमगार्ड द्वारा अवैध वसूली के वायरल वीडियो के बाद उठाया गया है, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है। इन निर्देशों का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
पुलिस आयुक्त ने सभी डीसीपी और एसीपी के माध्यम से जमीनी स्तर के पुलिसकर्मियों को कड़े आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित क्षेत्र के जोन अधिकारी (जेडओ) और ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी। अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर प्रभावी निगरानी रखना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
एसीपी स्तर के अधिकारी पुलिस कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित करेंगे। इससे ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर प्रभावी नजर रखी जा सकेगी। यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई बॉडी वॉर्न कैमरे की निगरानी में की जाएगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी और वाहन चालकों व पुलिसकर्मियों दोनों के हितों को सुरक्षित रखेगी।
जवाबदेही और निगरानी के नए नियम
सभी डीसीपी और एसीपी अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ जोन स्तर तक बैठकें करेंगे। इन बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे कि अवैध वसूली या भ्रष्ट आचरण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं के लिए संबंधित जोन अधिकारी और ट्रैफिक इंस्पेक्टर सीधे जिम्मेदार होंगे। उन्हें अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर प्रभावी निगरानी रखनी होगी। एसीपी रैंक के अधिकारी सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और निगरानी करेंगे ताकि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पर नजर रखी जा सके।
गुरुग्राम पुलिस आमजन की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। पुलिस की वर्दी जनसेवा और कानून व्यवस्था का प्रतीक है। वर्दी की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई पुलिसकर्मी अवैध मांग या वसूली करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसी शिकायतों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। -शिबास कबिराज, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम