गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण का असर कम होने के साथ ही एक तरफ जहां मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़ रही है वहीं टीकाकरण के मामले में गुरुग्राम प्रदेश में पहले स्थान पर बना हुआ है। पिछले करीब 1 माह से संक्रमण के मामलों में तेजी से कमी आई है। नतीजा यह है कि डेढ़ माह पहले तक जिले में जहां 28 फ़ीसदी मरीज सक्रिय थे वहीं अब 99.31 फीसदी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
वहीं टीकाकरण की बात करें तो अब तक जिले में 8 लाख 56 हजार 80 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। वहीं छह लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाकर फरीदाबाद इस सूची में दूसरे स्थान पर बना हुआ है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए नागरिकों को नियमित रूप से कोरोना के बचाव के लिए टीका लगाया जा रहा है। टीका लगवाने के क्रम में ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन की तरह नए नए प्रयोग भी किए गए, जिनका अपेक्षित परिणाम देखने को मिला है।
डॉ. सिंह ने कहा कि जिले में 37 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ 50 से अधिक निजी संस्थानों में टीकाकरण का कार्य चल रहा है। लाभार्थियों की संख्या ज्यादा से ज्यादा बढ़ाने के लिए निजी टीकाकरण केंद्रों को 24 घंटे टीका लगाने की अनुमति दी गई है। मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़ने के साथ ही स्वस्थ होने वाले का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। प्रदेश के सभी जिलों की तुलना में गुरुग्राम 99.31 के रिकवरी रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। 99.43 के रिकवरी रेट के साथ सोनीपत अभी प्रथम स्थान पर है।