- 16 नवंबर से प्रदेश के 10 जिलों में होंगी प्रतियोगिताएं, इस बार 30 खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए 16 नवंबर से खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस बार प्रदेश के 10 जिलों में 30 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। प्रत्येक जिले को तीन-तीन खेलों की मेजबानी सौंपी गई है। गुरुग्राम में क्रिकेट, हैंडबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
खेल महाकुंभ के तहत जिले में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर खेल विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का मंच मिलेगा। साथ ही, उन्हें अपनी क्षमता साबित करने और बेहतर प्रदर्शन करने का मौका भी मिलेगा। पिछले खेल महाकुंभ में गुरुग्राम को दो खेलों की मेजबानी मिली थी। उस दौरान जिले में क्रिकेट और वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इस बार खेलों की संख्या बढ़ाते हुए जिले को क्रिकेट, हैंडबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबले कराने की जिम्मेदारी दी गई है। इससे तीनों खेलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उद्देश्य प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना-
जिला खेल विभाग के अनुसार, खेल महाकुंभ का उद्देश्य प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। जिले में प्रतियोगिताओं के आयोजन से संबंधित तैयारियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने बताया कि खेल महाकुंभ 16 नवंबर से आयोजित होगा। गुरुग्राम को क्रिकेट, हैंडबॉल और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलनी है। विभाग की ओर से आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।